![]() |
भारत में है दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज || एफिल टॉवर से भी हैं ऊंचा || जानें भारत में कहां बना है यह पुल |
World Highest Railway Arch Bridge In India || इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को लेकर भारत नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा हैं। अब नया कीर्तिमान भारतीय रेल के हिस्से में आया है। इंडियन रेलवे की ओर जम्मू कश्मीर में दुनिया का सबसे ऊंचा आर्च ब्रिज तैयार किया गया है। जिसकी ऊंचाई एफिल टॉवर से भी ऊंची है। दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल चिनाब रेल ब्रिज जम्मू कश्मीर के रामबन जनपद में संगलदान और रियासी के मध्य में बना है। इस रेलवे लाइन पर ट्रेन संचालन के लिए इलेक्ट्रिक इंजन ट्रायल भी हो गया हैं। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में इस रेलवे लाइन पर ट्रेनों का दौड़ना शुरू हो जाएगा।
पेरिस के एफिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा
यह रेलवे आर्च ब्रिज जम्मू कश्मीर के में चिनाब नदी के ऊपर बनाया गया है। इस पुल से जम्मू कश्मीर की वादियों का विहंगम दृश्य बहुत ही खूबसूरत दिखता है। इस पुल से न केवल पर्यटकों को लुभाया जा सकता है। बल्कि इसने जम्मू कश्मीर को गौरवान्वित किया है। रेलवे की ओर से बनाया गया आर्च ब्रिज पेरिस के एफिल टावर से 35 मीटर ऊंचा बताया जा रहा है। इस पुल की लंबाई 1315 मीटर है। इस पुल के निर्माण का उद्देश्य कश्मीर घाटी को भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ना है। ताकि कश्मीर से भारत देश के अन्य हिस्सों में ट्रेन के जरिए सुगम यात्रा की जा सके।
46 किलोमीटर रेलखंड पर दौड़ेगी ट्रेन
दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज संगलदान और रियासी के बीच बनाया गया है। बता दें कि जम्मू कश्मीर के कटड़ा से उधमपुर और कश्मीर (बारामुला) से संगलदान (रामबन) को पहले ही रेल नेटवर्क से जोड़ा जा चुका है। वहीं, अब रियासी को संगलदान से जोड़ने की तैयारी अंतिम चरण में है। इस रेलखंड की कुल लंबाई करीब 46 किलोमीटर बताई जा रही है। यहां यह जान लीजिए कि कटड़ा से रियासी तक 17 किलोमीटर रेल नेटवर्क को काम इस साल के अंत तक पूरा हो जाने की उम्मीद जताई गई है।
तो कन्याकुमारी से जुड़ जाएगी कश्मीर घाटी
संगलदान रियासी रेल खंड पर ट्रेन दौड़ने का मतलब ऐतिहासिक कीर्तिमान भी होगा। इसके साथ ही जम्मू कश्मीर के बीच रियासी से वैकल्पिक संपर्क मार्ग भी हो जाएगा। इसमें कश्मीर घाटी को कन्याकुमारी से जोड़ देना सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। अधिकारियों की ओर से बताया जा रहा है कि कश्मीर घाटी से अगले कुछ महीनों में कन्याकुमारी के लिए यात्रा शुरू हो सकती है।
रेलवे आर्च ब्रिज पर ट्रायल पूरा
16 जून 2024 को दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज पर ट्रेन संचालन का सफल ट्रायल पूरा कर लिया गया है। इसे लेकर एएनआई की ओर से एक वीडियो भी जारी किया गया है। वीडियो में एक ट्रेन चिनाब नदी को पार करती दिख रही है। बताया जा रहा है कि संगलदान से रियासी तक इलेक्ट्रिक इंजन का सफल ट्रायल किया गया है। माना जा रहा है अगले कुछ महीनों में इस पुल पर ट्रेन संचालन शुरू कर दिया जा सकता है। तब जम्मू कश्मीर का सफर करने वाले पर्यटक इस पुल से कश्मीर घाटी का विहंगम दृश्य भी देख पाएंगे।
0 Comments